पटना: बिहार सरकार ने छठ पर्व से पहले राज्य के बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को आर्थिक राहत दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 1.09 करोड़ से अधिक पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों में 1206.91 करोड़ रुपये की राशि भेजी है। यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे खातों में पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस बार कुल 1,09,62,859 लोगों को पेंशन का लाभ मिला है। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। सरकार का कहना है कि छठ पर्व को देखते हुए यह राशि समय से पहले जारी की गई है, ताकि जरूरतमंद लोग त्योहार की तैयारियां कर सकें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पेंशन का पैसा समय पर लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जो पात्र लोग अभी तक पेंशन योजना से नहीं जुड़ पाए हैं, उनकी पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और उन्हें योजना का लाभ दिया जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक महीने में इस योजना के तहत 1,36,854 नए लोगों को जोड़ा गया है। सरकार का लक्ष्य है कि हर महीने की 10 तारीख तक पेंशन की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच जाए। इस योजना के जरिए बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को आर्थिक मदद देकर उन्हें अपनी जरूरतें पूरी करने में सहायता दी जा रही है।





