पंजाब डेस्क: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के तहत आयोग ने अधिकारियों के तबादले और तैनाती को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को आयोग ने पंजाब समेत 5 राज्यों के मुख्य सचिवों को निर्देश दिया कि किसी भी अधिकारी को उसके गृह क्षेत्र में तैनात न किया जाए।
निर्देशों के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की तैनाती उनके गृह क्षेत्र के अलावा उन विधानसभा क्षेत्रों में भी नहीं की जाएगी, जहां वे पिछले विधानसभा चुनाव या उपचुनाव के दौरान तैनात रहे थे। इस कदम का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है।
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में चुनाव आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों की मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल फरवरी और मार्च 2027 के दौरान समाप्त होगा। हालांकि, चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है।





