आगरा: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच मंगलवार को उन्होंने आगरा पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। दिलजीत ने अपने इस दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वह ताजमहल की खूबसूरती का आनंद लेते और अपने प्रशंसकों से मिलते नजर आ रहे हैं।
दिलजीत दोसांझ अपने खास अंदाज में ताजमहल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रे टी-शर्ट, लाल जैकेट, ढीली नीली जींस और अपनी पहचान बन चुकी सफेद पगड़ी पहनी हुई थी। उन्होंने स्मारक के अलग-अलग स्थानों पर तस्वीरें खिंचवाईं और प्रशंसकों का अभिवादन भी किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “वाह ताज बोलिए।”
30 अक्टूबर को दिल्ली में होगा कॉन्सर्ट
ताजमहल के दौरे के बीच दिलजीत का आगामी कॉन्सर्ट भी चर्चा में है। गायक 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत प्रस्तुति देंगे। इससे पहले कार्यक्रम की अनुमति को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी। खबरें आई थीं कि सुरक्षा व्यवस्था, कम समय में तैयारी और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के कारण दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, आयोजकों और दिल्ली पुलिस के बीच कई दौर की बैठकों के बाद कार्यक्रम को अनुमति मिल गई। आयोजकों ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत योजना पेश की और सभी जरूरी शर्तों का पालन करने का भरोसा दिया।





