नेशनल डेस्क: पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या और दिड़बा में एक व्यक्ति की आत्महत्या के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इन घटनाओं को लेकर पंजाब सरकार को घेरा है। उन्होंने राज्य में नशे और गैंगस्टरवाद के बढ़ते खतरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन दोनों मामलों में केंद्रीय गृह मंत्रालय पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा।

झोटा की हत्या और दिड़बा की घटना पर उठाए सवाल
अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट शेयर कर पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे, गैंगस्टर और संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है। मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और दिड़बा में कथित दबाव के चलते एक पिता द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शाह ने सवाल किया कि आखिर पंजाब के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा भी चिंता का विषय है और गृह मंत्रालय दोनों मामलों में राज्य सरकार से जवाब मांगेगा।
BJP ने पंजाब को नशा और गैंगस्टर मुक्त बनाने का किया वादा
अमित शाह ने पोस्ट में पंजाब के लोगों से वादा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब को नशा मुक्त, गैंगस्टर मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी पर रोक लगाना, युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना पार्टी का लक्ष्य होगा। शाह ने कानून का ऐसा राज स्थापित करने की बात कही, जहां किसी भी नागरिक को डर के माहौल में न रहना पड़े।





