मानसा: पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं से जुड़े मामलों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। वह दोपहर 12 बजे मानसा पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे संगरूर और 3:15 बजे गुरदासपुर जाएंगे। इस बीच, परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने अमित शाह के दौरे का स्वागत करते हुए लोगों से विरोध न करने की अपील की है।
गौरतलब है कि मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या हुई थी, जबकि गुरदासपुर में बिक्रमजीत की हत्या और संगरूर में गुलजार सिंह की आत्महत्या का मामला सामने आया था। ये तीनों नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता थे।
अमित शाह के दौरे को लेकर पहले विरोध की चर्चाएं सामने आई थीं। हालांकि, भीम सिंह ने कहा कि उन्हें इंसाफ की उम्मीद केंद्र सरकार से है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अमित शाह के दौरे में किसी तरह की बाधा न डालें। भीम सिंह ने यह भी कहा कि अगर किसी राजनीतिक पार्टी का नेता धरने में शामिल होने आता है, तो उसका विरोध नहीं किया जाना चाहिए।





