नेशनल डेस्क: अगर आप भी पिज्जा खाने के शौकीन हैं और अक्सर डोमिनोज या दूसरे रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और साफ-सफाई में गंभीर कमियां मिलने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने डोमिनोज पिज्जा के दो आउटलेट समेत 11 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई 21 और 22 अक्टूबर को की गई जांच के बाद हुई है।
रसोई में गंदगी से लेकर बर्तनों पर जंग तक मिली खामियां
एफडीए के अनुसार, जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। इनमें रसोई और जल निकासी व्यवस्था का गंदा होना, जंग लगे रैक और बर्तन मिलना, वापस आई ब्रेड को ताजे स्टॉक के साथ मिलाना और खाद्य पदार्थों के तापमान का पूरा रिकॉर्ड नहीं रखना शामिल है। इसके अलावा, कुछ कर्मचारियों के पास मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं थे, जबकि मिठाइयों में अनधिकृत खाद्य रंगों के इस्तेमाल की भी बात सामने आई।
डोमिनोज के किन आउटलेट पर हुई कार्रवाई?
एफडीए ने मुंबई के भांडुप वेस्ट और बीड स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट के लाइसेंस निलंबित किए हैं। मुंबई में कुल नौ और छत्रपति संभाजीनगर संभाग में दो खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मुंबई में जिन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, उनमें मझगांव की एसके बेकरी, ग्रांट रोड का नेकज़ाद रेस्टोरेंट, बांद्रा वेस्ट का फूडीज मल्टी कुजीन, जोगेश्वरी वेस्ट का अरेबियन लुकमा, कुर्ला वेस्ट का दिल्ली जायका, घाटकोपर वेस्ट स्थित आर सिटी मॉल का यू मी, गोवंडी की बिक्कगाने बिरयानी और भांडुप वेस्ट का डोमिनोज पिज्जा आउटलेट शामिल हैं।
54.66 लाख रुपये का खाद्य स्टॉक जब्त
महाराष्ट्र में चलाए गए राज्यव्यापी अभियान के दौरान एफडीए ने कुल 37,991.4 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 54.66 लाख रुपये बताई गई है। सबसे बड़ी जब्ती कोंकण संभाग में हुई। यहां नवी मुंबई स्थित आरडीसी एग्रो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 50.05 लाख रुपये मूल्य का 33,286 किलोग्राम राजमा और दाल जब्त की गई। प्रशासन को इस स्टॉक की गुणवत्ता घटिया होने और उस पर गलत लेबल लगाए जाने का संदेह है। एफडीए की इस कार्रवाई के बाद खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।





