नेशनल डेस्क: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पुलाकेशिनगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में हुए धमाके के बाद पुलिस जांच में जुटी है। इस घटना में दो मजदूर घायल हो गए। शुरुआती जांच में धमाके के पीछे IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह धमाका 20 अक्टूबर को दोपहर के समय अब्दुल रहमान की इमारत में हुआ था। हादसे में सूरज और अलाउद्दीन नाम के दो मजदूर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की उंगली कट गई है।
लैब रिपोर्ट के बाद साफ होगी धमाके की वजह
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने बुधवार को कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमाका किसी विस्फोटक उपकरण से हुआ या किसी केमिकल रिएक्शन के कारण हुआ। उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक अफवाहों पर ध्यान न दें। खड़गे के मुताबिक, घटनास्थल से मिली सामग्री को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की असली वजह का पता चल सकेगा।
दो दिन पहले विस्फोटक रखे जाने की आशंका
पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि धमाके से करीब दो दिन पहले वहां कोई विस्फोटक उपकरण रखा गया हो। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किस वजह से हुआ, इसके पीछे कौन था और उसका मकसद क्या था। पुलाकेशिनगर पुलिस ने घटना का खुद संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारी फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।





