चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। जोशीमठ क्षेत्र में खराब मौसम के कारण एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे के समय इसमें 6 यात्री सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा था। इसी दौरान जोशीमठ क्षेत्र के चांई और थेंग गांव के ऊपर खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सेना की ओर से प्रशासन को हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने घटनास्थल की लोकेशन ट्रेस कर हादसे की पुष्टि की।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।





