नेशनल डेस्कः गुजरात के अहमदाबाद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नरोल-पिराना रोड पर 9 साल की बच्ची खुले नाले में गिर गई। करीब 20 फीट गहरे नाले में गिरने के बाद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को बच्ची अपनी मां के साथ रिक्शे में आई थी। मां जब रिक्शे से उतरकर किराया दे रही थी, तभी उससे कुछ दूरी पर चल रही बच्ची अचानक खुले नाले में गिर गई। घटना का पता चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। मणिनगर फायर स्टेशन के अधिकारी प्रवीण सिंह सोलंकी के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद टीमों ने नाले के आसपास और पंपिंग स्टेशन में बच्ची की तलाश की, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चला।
पंपिंग स्टेशन तक रास्ते की होगी जांच
बचाव टीम अब नाले में पानी की गहराई और बहाव का पता लगाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए BSF के जवानों की मदद ली जाएगी। हालात अनुकूल होने पर सीवर के मैनहोल खोलकर पंपिंग स्टेशन तक के रास्ते की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, बच्ची का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी रहेगा।





