नेशनल डेस्क: नेपाल में रविवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नॉर्थ सेंट्रल नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ी गंडकी नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 40 मकान और कई छोटे-बड़े पुल बह गए। बाढ़ से इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। साथ ही नदी के आसपास रहने वाले अन्य लोगों को भी सतर्क रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभी तक किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि, बाढ़ के बाद लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
कई गांवों में मकान और पुल बहे
‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के राम कुमार गुरुंग ने बताया कि बाढ़ से सल्लेरी, पायूका और जगत में नदी किनारे बने कई मकान बह गए। इसके अलावा, वार्डों को जोड़ने वाला एक पुल भी बाढ़ की चपेट में आ गया। वहीं स्थानीय लोगों को आशंका है कि चुमनुब्री-6 में लोकपा और चुमलिंग के बीच बूढ़ी गंडकी की सहायक नदी स्यार का बहाव रुकने के कारण बाढ़ आई हो सकती है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर रख रहा है और प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।





