नेशनल डेस्क: ग्रेटर नोएडा से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके 3 नाबालिग बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार रात को मैगी खाकर सोया था, लेकिन सुबह कोई नहीं उठा। जब लोगों ने जाकर देखा तो पांचों बिस्तर पर मृत मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पांचों की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल पाया है।
सुबह नहीं उठे परिवार के सदस्य
जानकारी के अनुसार, रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल गांव में महेश अपनी पत्नी ललतेश और तीन बच्चों के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि परिवार ने रात करीब 10 बजे मैगी खाई थी और इसके बाद सभी सोने चले गए। सुबह काफी देर तक जब परिवार का कोई सदस्य नहीं उठा तो लोगों को शक हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो पांचों बिस्तर पर मृत पड़े थे।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
परिवार के पांच सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रबूपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल, मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





