नेशनल डेस्कः तमिलनाडु में मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सात जिलों में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है, जबकि चेन्नई समेत कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ जगहों पर बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसका असर खास तौर पर तटीय इलाकों और कावेरी डेल्टा क्षेत्र में देखने को मिल सकता है।
इन 7 जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पुदुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, कुड्डालोर और विल्लुपुरम में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा राज्य के उत्तरी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी कई जगह बारिश हो सकती है।
चेन्नई समेत इन जिलों में भी बरसेंगे बादल
चेन्नई के साथ तिरुवल्लुर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुचिरापल्ली, अरियालुर, पेरम्बलुर, रानीपेट, वेल्लोर और तिरुपत्तूर में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, विरुधुनगर और रामनाथपुरम में भी बारिश का अनुमान है। चेन्नई में मंगलवार शाम को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिर सकती है। हालांकि, शहर के सभी इलाकों में एक जैसी बारिश होने की संभावना नहीं है।
बुधवार को दक्षिणी तमिलनाडु में बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को बहुत भारी बारिश का असर दक्षिणी तमिलनाडु की ओर बढ़ सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।





