एंटरटेनमेंट डेस्क: दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की लोकप्रियता आज भी उनके फैंस के बीच बरकरार है। इसका नजारा कनाडा के टोरंटो में देखने को मिला, जहां उनके पहले 3D होलोग्राम वर्ल्ड टूर ‘Signed to God’ का आयोजन किया गया। 8 और 9 अक्टूबर को हुए इस शो में सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता और उनके छोटे भाई शुभदीप मूसेवाला भी मंच पर पहुंचे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
इस दौरान ढाई साल के शुभदीप ने अपनी मासूमियत से लोगों का दिल जीत लिया। छोटे भाई को मंच पर देखकर फैंस भावुक हो गए। शुभदीप ने हाथ में माइक लेकर अपनी तोतली आवाज में गाना गुनगुनाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भावुक नजर आए। कई फैंस ने ‘छोटा मूसेवाला’ कहकर उसका उत्साह बढ़ाया।
छोटे भाई को देखकर भावुक हुए फैंस
सिद्धू मूसेवाला की साल 2022 में हत्या कर दी गई थी। उनकी मौत के करीब चार साल बाद भी फैंस के बीच उनके गानों और यादों का क्रेज बना हुआ है। सिंगर के माता-पिता ने 2024 में IVF के जरिए अपने छोटे बेटे शुभदीप का स्वागत किया था। अब शुभदीप की मंच पर मौजूदगी ने एक बार फिर फैंस को सिद्धू मूसेवाला की याद दिला दी।





