मानसा: नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार कर लिया है। झोटा की हत्या के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इससे पहले पुलिस ने आरोपी की मदद करने के आरोप में उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया था।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने की कोशिश करेगी।
मेडिकल स्टोर पर नशे की बिक्री का विरोध करने पहुंचे थे झोटा
जानकारी के अनुसार, मानसा में मंगलवार सुबह परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि झोटा नशे के खिलाफ अभियान चलाते थे और इसी सिलसिले में एक मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर नशीली दवाओं की बिक्री का विरोध करने पहुंचे थे। रोप है कि इसी दौरान मेडिकल स्टोर के मालिक ने उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से झोटा गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोलियां इतनी नजदीक से चलाई गई थीं कि उनके शरीर के आर-पार हो गईं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
हत्या के बाद आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस आरोपी अश्वनी कुमार की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी की मदद करने के आरोप में उसके एक साथी को गिरफ्तार किया और इस संबंध में FIR दर्ज की थी।अब पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।





