नेशनल डेस्क: भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर वाराणसी के नमो घाट पर भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने नमो घाट के आसपास मांस-मछली की बिक्री और कटाई पर रोक लगाने के आदेश दिए है, जो 19 से 26 अक्टूबर तक जारी रहेंगे। राज्य सरकार ने इस आयोजन को स्टेट इवेंट घोषित किया है।
22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो
एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जाएगा, जबकि 26 अक्टूबर को आरक्षित दिन रखा गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मुताबिक, कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारू तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। वहीं नगर निगम 20 से 26 अक्टूबर तक शहर और आयोजन स्थल के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाएगा।
गंगा घाटों पर भी सुरक्षा के इंतजाम
एयर शो के दौरान नमो घाट और आसपास बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए गंगा नदी के गहरे पानी वाले हिस्सों की पहचान कर वहां बैरिकेडिंग की जाएगी और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। नदी की ओर जाने वाले संवेदनशील रास्तों पर भी अवरोधक लगाए जाएंगे।
इसके अलावा, दर्शकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नमो घाट और आसपास पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे। नगर निगम की ओर से इनकी नियमित सफाई का भी इंतजाम किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य एयर शो को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के साथ-साथ घाटों पर आने वाले लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखना है।

Leave a Reply