Tag: School Bus Accident

  • नेपाल में बड़ा हादसा: 650 फीट गहरी ढलान में गिरी स्कूल बस, 5 की मौ+त, 19 घायल

    नेपाल में बड़ा हादसा: 650 फीट गहरी ढलान में गिरी स्कूल बस, 5 की मौ+त, 19 घायल

    काठमांडू: नेपाल के पोखरा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छात्रों को ट्यूशन से घर लेकर जा रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी ढलान से करीब 650 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में 4 छात्रों और एक अभिभावक समेत कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया।

    ट्यूशन से बच्चों को घर लेकर जा रही थी बस
    जानकारी के मुताबिक, कालिका बोर्डिंग स्कूल की बस ट्यूशन क्लास के बाद विद्यार्थियों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान पोखरा मेट्रोपॉलिटन सिटी-28 में माझथाना के पास, बिजयपुर आर्मी बैरक के उत्तर में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस पहाड़ी से नीचे लुढ़क गई। हादसे में तीन लड़कियों और एक लड़के समेत चार विद्यार्थियों की मौत हुई। मृतकों में 65 वर्षीय बाबूराम तिवारी भी शामिल हैं, जो एक छात्र के पिता थे और बस में सवार हुए थे। मृतकों में शामिल करीब 15 साल की एक अन्य छात्रा की पहचान अभी नहीं हो पाई थी।

    घायलों को अस्पताल पहुंचाया
    हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायल विद्यार्थियों और अन्य लोगों को इलाज के लिए गंडकी मेडिकल कॉलेज और वेस्टर्न रीजनल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल दीपेंद्र जीसी के मुताबिक, राहत और बचाव अभियान के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी फिसलने से घायल हो गया।

    नेपाल में पहले भी हो चुके हैं बस हादसे
    नेपाल में इससे पहले भी कई गंभीर बस हादसे हो चुके हैं। मार्च में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पहाड़ी से नीचे गिर गई थी, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हुई थी और नौ अन्य घायल हुए थे। एक अन्य हादसे में पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस पृथ्वी हाईवे से उतरकर करीब 160 फीट नीचे त्रिशूली नदी के किनारे जा गिरी थी। इस दुर्घटना में एक ब्रिटिश पर्यटक की मौत हो गई थी, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हुए थे। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने नेपाल के पहाड़ी रास्तों पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।